लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के करावल नगर मार्ग स्थित कैफे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मौके से पांच हुक्के, पांच चिलम, पांच पाइप, तीन चिमटा और दो पैकेट तंबाकू फ्लेवर बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली कि करावल नगर मार्ग पर चोरी छिपे कैफे की आड़ में अवैध हुक्का बार चल रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। मौके पर एक मकान की दूसरी मंजिल पर हुक्का बार चल रहा था। हुक्का बार का दरवाजा खोलने पर चारों ओर धुआं फैला हुआ था। मौके पर कई युवक हुक्के का सेवन करते हुए मिले। पुलिस ने काउंटर पर मौजूद युवक विकास निवासी जाफराबाद दिल्ली से हुक्का संचालन का लाइसेंस मांगा तो वह कागजात नहीं दिखा सका। युवक ने स्वयं को मैनेजर बताया। पुलिस ने मौके से मैनेजर को गिरफ्तार किया है। एसीपी ने बताया कि पूछताछ में युवक कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका। हुक्का बार मालिक के बारे में पता किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।