गाजियाबाद। शुक्रवार को पुलिस चुनाव ड्यूटी में व्यस्त रही मौके का फायदा उठाकर चोर नगर कोतवाली क्षेत्र में आंबेडकर रोड स्थित पीएनबी के एटीएम में से 17,32,500 रुपये चोरी कर ले गए। घटना 26 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे की है। मामले में बैंक प्रबंधक संदीप गुप्ता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि एटीएम को न काटा गया है न तोड़फाड़ की गई है बल्कि उसका ताला ठीक से नहीं लग पाने के कारण वह खुला रहा गया। एटीएम को खुला देख चोर की चांदी हो गई। पुलिस ने एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो पता चला कि एक युवक हेलमेट लगाए बूथ में घुसा और नकदी चोरी कर ले गया। दोपहिया वाहन से भाग गया। मामले में एटीएम में नकदी डालने वाली कंपनी के कर्मचारियों पर भी पुलिस शक जाहिर कर जांच कर रही है। एसीपी कोतवाली प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले में टीम जांच में जुटी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।