49 सेकंड की इस वायरल ऑडियो क्लिप में कॉल अधिवक्ता की तरफ से की जाती है। शरुआत में थाना प्रभारी थाने पर न होने की बात कहते हुए अधिवक्ता से बातचीत करते हैं। इसके बाद अधिवक्ता थाने में मौजूद लूट की फर्जी सूचना देने वाले दो युवकों को छोड़ने की सिफारिश करते हैं। इसके बाद थाना प्रभारी 25 कराने की मांग करते हैं। इस पर अधिवक्ता मना कर देते हैं। तब थाना प्रभारी फोन पर ही थाने में तैनात पुलिसकर्मी से शांतिभंग में दोनों युवकों पर कार्रवाई करने के निर्देश देते हैं।
साथ ही अधिवक्ता से भी सिफारिश करने के लिए फोन कॉल न करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। दोनों के बीच तल्ख बातचीत भी होती हुई सुनी जा सकती है। थाना प्रभारी बृजेश यादव ने ऑडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि करीब चार माह पूर्व एक युवक ने रुपयों के लेनदेन को लेकर डायल 112 पर लूट की फर्जी सूचना दी थी। लूट का आरोप अपने ही परिचित पर लगाया था। झूठी सूचना दिए जाने के चलते दोनों के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई थी। छोड़ने के लिए रुपयों की मांग से साफ इनकार करने की बात थाना प्रभारी ने कही है।
अगस्त माह 2025 महीने का मामला है, ऑडियो के साथ छेड़खानी की गई है। रुपयों के लेनदेन की कोई बातचीत नहीं है। थाना निर्माण कार्य के दौरान सहयोग के लिए 25 कट्टे सीमेंट के लिए कहा गया था। - अतुल कुमार सिंह, एसीपी, शालीमार गार्डन