गाजियाबाद। शहर के लोग बुधवार को सुबह से शाम तक जाम से जूझे। हालात यह रहा कि दो नेशनल हाईवे, जीटी रोड, हापुड़ रोड और राजनगर एक्सटेंशन चौराहा पूरी तरह जाम रहा। इस दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत नौकरीपेशा लोगों को हुई। चिलचिलाती धूप व गर्मी से जाम में फंसे राहगीरों का हाल बेहाल रहा।
एनएच-24 पर सुबह आठ बजे से ही वाहनों की कतारें लग गई। दरअसल, एबीईएस कालेज के पास दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्रक खराब हो गया। इसकी वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम लगा देख कुछ वाहन चालक रांग साइड चलने लगे, जिससे जाम और बढ़ गया।
जाम के चलते नोएडा में जॉब करने वाले लोगों को सुबह नौ से 11 बजे जाम का सामना करना पड़ा। वहीं, एनएच-91 पर लालकुआं के पास भी वाहनों का दबाव होने के कारण करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इसकी वजह से बुलंदशहर और शहर में आने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
यही हाल सुबह करीब साढ़े आठ बजे एनएच-58 पर दिल्ली से मेरठ जाने वाले रास्ते का भी रहा, जहां राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर वाहनों का दबाव होने और रांग साइड से आने वाले वाहनों की वजह से लोगों को करीब दो घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा।
नेशनल हाइवे के अलावा शहर में भी जाम और वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। हापुड़ रोड पर सुबह 10 से लेकर करीब 11 बजे तक, अंबेडकर रोड पर शाम चार से पांच बजे तक जाम के हालात रहे।
टीआई रमेश तिवारी का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस को ट्वीटर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एनएच-24 पर एक ट्रक खराब है, जिसे पुलिस ने क्रेन की सहायता से हटवाकर जाम खुलवाया। सुबह वाहनों के दबाव होने के कारण कुछ देर के लिए कई चौराहों पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाया दिया था।
पीक आवर्स में इन स्थानों पर लगता है जाम
एनएच-24 लालकुु आं, न्यू लिंक रोड, राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, हापुड़ चुंगी, हापुड़ मोड़, मेरठ तिराहा और मोहन नगर आदि पर रोजाना पीक ऑवर्स में जाम की समस्या रहती है। इसके बावजूद पुलिस इन स्थानों से नदारद रहती है। हालांकि ट्रैफिक इंस्पेक्टर का दावा है कि ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती के बावजूद वाहनों के अधिक दबाव के चलते जाम लगता है।