साहिबाबाद। टीएचए में पेयजल आपूर्ति का संकट लगातार गहराता जा रहा है। कभी गंदे पानी की आपूर्ति तो कभी कम प्रेशर से आ रहा पानी लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। वैशाली, डीएलएफ कॉलोनी, कड़कड़ मॉडल समेत कई इलाकों में दूषित पानी आने से लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि आए दिन सुबह गंदा पानी आने से दिनचर्या पर भी काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही बोतल बंद पानी खरीदने की वजह से मासिक खर्च में भी इजाफा हो गया है।
वैशाली सेक्टर तीन एफ के निवासी धीरेंद्र भदौरिया ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से लोगों को दूषित जलापूर्ति की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति करीब आधे घंटे देरी से हो रही है। वहीं, डीएलएफ कॉलोनी के सोनू प्रजापति ने बताया कि शनिवार को इलाके में सुबह पानी काफी कम प्रेशर से आया इसके चलते पानी की टंकी भी पूरी नहीं भर पाई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, केपी आनंद जलकल विभाग अधिशासी अभियंता ने बताया कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है। जल्द ही पानी की सप्लाई को दुरुस्त किया जाएगा।