फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: बुखार आते ही लोग घबरा रहे, डेंगू की जांच को बढ़ा रहे बोझ

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। शहर के अस्पतालों में इन दिनों बुखार और वायरल के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एमएमजी अस्पताल में प्रतिदिन 300 से 350 मरीज बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, जबकि संयुक्त जिला अस्पताल में यह संख्या 100 से 125 तक है। मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच एक डर देखने को मिल रहा है कि जैसे ही किसी को बुखार होता है, वह सीधे डेंगू की जांच कराने पहुंच रहा है।
विज्ञापन


एमएमजी अस्पताल में रोजाना 50 से 55 लोग डेंगू की जांच करा रहे हैं, लेकिन रिपोर्ट 90 फीसदी लोगों की निगेटिव आ रही है। एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. शिवि अग्रवाल का कहना है कि अधिकांश मरीजों में सामान्य वायरल बुखार पाया जा रहा है। डॉ. शिवि का कहना है कि अधिक जांच से लैब पर अनावश्यक बोझ बढ़ रहा है। उन मरीजों की जांच में देरी हो रही है, जिन्हें वास्तव में तत्काल जांच की जरूरत है।

प्लेटलेट्स कम होना डेंगू नहीं
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संतराम वर्मा का कहना है कि अभी जो अधिकतर मरीज आ रहे हैं, वे सामान्य वायरल बुखार से पीड़ित हैं, लेकिन जागरूकता की कमी और डर की वजह से लोग तुरंत डेंगू की जांच कराने लगते हैं। उन्होंने बताया कि वायरल बुखार में भी प्लेटलेट्स की संख्या घट सकती है, लेकिन यह हमेशा डेंगू की निशानी नहीं होती। डॉ. वर्मा ने बताया कि वायरल बुखार आमतौर पर मौसम बदलने पर होता है और यह खुद-ब-खुद कुछ दिनों में ठीक हो जाता है। इसके लक्षणों में शरीर में दर्द, हल्का बुखार, सिरदर्द और गले में खराश शामिल हैं। वहीं डेंगू में तेज बुखार के साथ आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों में तेज दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते और रक्तस्राव की समस्या हो सकती है।
विज्ञापन


तीन दिन में बुखार ठीक नहीं होने पर कराएं जांच
फैमिली फिजिशियन के अध्यक्ष डॉ. रमन कुमार का कहना है कि हर बुखार को डेंगू समझना गलत है। जरूरत इस बात की है कि लोग सही समय पर डॉक्टर से परामर्श लें और बिना चिकित्सीय सलाह के जांच न कराएं। इससे न केवल उन्हें सही इलाज मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य प्रणाली पर भी अनावश्यक दबाव नहीं पड़ेगा। डॉ. रमन ने कहा कि यदि बुखार तीन दिन से अधिक बना रहे या प्लेटलेट्स तेजी से गिरे तो ही डेंगू की जांच कराएं।

बुखार के साथ शरीर में दर्द हुआ, डेंगू की जांच रिपोर्ट निगेटिव
सिहानी निवासी राजेश ने बताया कि बुखार के साथ शरीर में दर्द होने पर डेंगू की जांच कराई थी, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई। डॉक्टर के पास गया तो उन्होंने बताया कि सामान्य वायरल बुखार में भी शरीर में दर्द होता है। दवाई लेने के बाद तीन दिन में सामान्य हो गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें