गाजियाबाद। रेलवे की स्पेशल ट्रेनों का समय पूरी तरह बेपटरी पर है। हालत यह है कि न्यू दिल्ली स्पेशल 04453 को गाजियाबाद रात में दो बजकर 10 मिनट पर पहुंचना था, लेकिन यह यहां बृहस्पतिवार को तीन बजकर 45 मिनट पर पहुंची। इसमें सवार यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। जब लोग स्टेशन पर उतरे तो उनके अंदर भारी नाराजगी देखने को मिली। यात्री पीयूष ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में डेढ़ गुना किराया देने के बाद भी यह स्थिति है।
दरभंगा नई दिल्ली स्पेशल एक दिन बाद 18 घंटे 36 मिनट देरी से गाजियाबाद पहुंची। जालंधर सिटी इंटरसिटी सवा घंटे, दरभंगा स्पेशल 45 मिनट, अवध असम 50 मिनट, आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ढाई घंटे, अंबाला कैंट स्पेशल दो घंटे 37 मिनट, पाटलिपुत्र आनंद विहार दो घंटे, नई दिल्ली विशेष सवा तीन घंटे देरी से गाजियाबाद पहुंची। सवेरे भी मुरादाबाद गाजियाबाद मेमू समेत अधिकांश लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे तक देरी से गाजियाबाद पहुंची।