समाजवादी पार्टी में चल रहे सियासी घमासान पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव बृहस्पतिवार को खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि मंत्री पवन पांडेय को अनुशासन हीनता के चलते उन्होंने पार्टी से बाहर कर दिया है।
अब सीएम फैसला लेकर उन्हें मंत्री पद से हटाएं। इसके लिए उन्होंने सीएम अखिलेश यादव को चिट्ठी भी लिखी है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार एक है और पार्टी भी एक है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से रोकना उनका लक्ष्य है। वह अध्यक्ष रहें या ना रहें, भाजपा को रोकने के लिए वह कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं।
शिवपाल यादव बृहस्पतिवार को दिल्ली से सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचे थे और यहां से हेलिकाप्टर में सहारनपुर में पूर्व विधायक राजेंद्र राणा की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। हेलिकाप्टर के आने में देरी होने पर वह काफी देर गाजियाबाद में ही रहे।
इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए रामगोपाल यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन लोगों को याद कर लेना चाहिए कि 2003 में वह किन लोगों के कारण सरकार में मंत्री बने थे। मलाई काटने वाले, तिकड़म करने और भ्रष्टाचार करने वाले लोग बुराई कर रहे हैं। पार्टी को तोड़ने का काम कर रहे हैं। हम लोग पार्टी को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से दूर रखने के लिए गांधीवादी, लोहियावादी और चरणसिंह वादी लोगों को एक साथ लाएंगे। सपा में चल रहे घमासान पर उन्होंने कहा कि उनकी ख्वाहिश न तो पहले सीएम बनने की रही है और न ही अब है। वह सड़कों पर उतरेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो नेताजी कहेंगे, वही होगा।
22 साल में पहली बार कोई प्रदेश अध्यक्ष पहुंचा सपा कार्यालय
सियासी घमासान के दौरान ही सही बृहस्पतिवार को पहली बार सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव आरडीसी स्थित पार्टी के कार्यालय पहुंचे। पार्टी कार्यालय की स्थापना से अब तक करीब 22 साल के इतिहास में यह पहला मौका था, जब सपा का कोई प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कार्यालय पहुंचा।
इसका अलग मकसद भी था। शिवपाल ने कार्यालय पहुंचकर यह मैसेज भी दिया कि परिवार में चल रहे घमासान का पार्टी से कोई मतलब नहीं है और यह विवाद भी निपटने की ओर है। उन्होंने पार्टी नेताओं से करीब पौन घंटे बातचीत कर चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए कहा।
शिवपाल यादव पुलिस लाइन से आरडीसी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया, रजिस्टर में नेताओं की उपस्थिति देखी और खुद भी उस पर हस्ताक्षर किए।जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र चौहान, जिला महासचिव जेपी कश्यप, मधु चौधरी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत की और चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। यहां एमएलसी आशु मलिक भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं में भी जोश भरा और बोले कि 2017 में सपा फिर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।
प्रदेश स्तर पर भले ही शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के समर्थकों में टकराव की स्थिति हो, लेकिन गाजियाबाद में पार्टी के सभी नेता शिवपाल यादव के स्वागत में पहुंचे। करीब पौन घंटे बाद शिवपाल यादव सपा एमएलसी जितेंद्र यादव के घर पर चले गए और यहां से वापस पुलिस लाइन जाकर सहारनपुर के लिए रवाना हुए।
करीब तीन घंटे किया हेलिकाप्टर का इंतजार
सुबह मौसम खराब होने की वजह से शिवपाल यादव का हेलिकाप्टर समय से नहीं पहुंच पाया। संपर्क करने पर पता चला कि धुंध होने की वजह से विजिबिलिटी कम थी, ऐसे में हेलिकाप्टर दिल्ली से टेकऑफ नहीं कर पा रहा है। ऐसे में उन्हें करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। वह करीब 1:30 बजे सहारनपुर के लिए रवाना हो पाए।
एक नेता ने टिकट के लिए दिया आवेदन
सपा के एक नेता ने शिवपाल यादव को गोपनीय रूप से विधानसभा टिकट के लिए आवेदन दिया। उन्होंने मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी की। उनका कहना था कि पार्टी में उन्हें अच्छी जिम्मेदारी नहीं मिली है।