गाजियाबाद। दीपावली और छठ पूजा पर्व मनाने के लिए धनतेरस पर रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ रही। यात्रियों की सुरक्षा के लिए काफी इंतजाम किए गए लेकिन भीड़ के सामने सभी धराशाही हो गए। हालात ये रहे कि ट्रेन जंक्शन पर आते ही यात्री प्लेटफार्म छोड़कर ट्रैक पर पहुंच गए और उसमें सवार होने की आपाधापी मची रही।
रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। कोई आरक्षित सीट तलाशता नजर आया तो कोई जहां भी जगह मिली, वहीं खुद को यात्रा के लिए फिट करने के जुगाड़ में लगा रहा। नई दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भरमार थी। ट्रेन के गेट तक यात्री भरे थे। कोई बोगी के शौचालय में तो कोई फर्श पर खड़े होकर यात्रा करता नजर आया। लाउड स्पीकर पर जैसे ही ट्रेन आने की सूचना प्रसारित होती, वैसे ही यात्री प्लेटफार्म पर पहुंच जाते।
भीड़ अधिक होने पर प्लेटफार्म छोड़कर युवा वर्ग रेलवे लाइन पर पहुंच जाते और प्लेटफार्म की बजाय दूसरी तरफ पटरियों से ट्रेन में सवार होते रहे। जीआरपी निरीक्षक यशवंत सेलूजा ने बताया कि हरेक प्लेटफार्म पर जवान मुस्तैद कर दिए गए हैं। बुधवार को सुरक्षा और चाक-चौबंद कर दी जाएगी।