सीबीएसई स्कूलों में अब दाखिले के समय बच्चों के साथ अभिभावकों का आधार नंबर भी अनिवार्य कर दिया गया है। इसको लेकर सीबीएसई ने सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं, जिन्हें सभी स्कूलों में लागू किया जाएगा।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ अभिभावकों का भी आधार नंबर अनिवार्य तौर पर जमा कराया जाए। गुरुकुल स्कूल के डायरेक्टर सचिन वत्स ने बताया कि अब सीबीएसई की वेबसाइट पर सभी छात्रों व अभिभावकों का डाटा अपलोड करना होगा।
इसके लिए गाइडलाइन जारी कर सीबीएसई ने स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों व उनके अभिभावकों का आधार कार्ड बनवाने के आदेश दिए हैं। जुलाई में शुरू हो रहे शैक्षिक सत्र में आधार कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाना होगा।
बता दें कि इससे पहले यूपी बोर्ड से जुड़े विद्यालयों में दाखिला लेने के लिए आधार नंबर अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही उन्हें भी निर्देश है कि हर साल स्कूलों में आधार बनवाने के लिए कैंप लगवाएं जाएं।