हापुड़ रोड स्थित पंचशील प्राइमरोज सोसायटी निवासियों ने सबसे खराब सोसायटी में आपका स्वागत है...वी आर इन ट्रबल, फ्लैट फॉर सेल...के पोस्टर लगा रखे हैं। निवासियों का कहना है कि सोसायटी में न सिक्योरिटी है, न कोई मेनटेनेंस है। बिल्डर ने मेनटेनेंस कार्यालय बंद कर रखा है और निवासी परेशान हैं। वहीं, पंचशील के सीईओ ने बताया कि सोसायटी के निवासियों ने स्टाफ के साथ बदतमीजी की थी जिसके बाद कई स्टाफ काम छोड़कर चले गए हैं। नए स्टाफ की तैनाती की जा रही है काम धीमा चल रहा है।
पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि सोसायटी में अभी कई काम अधूरे हैं लेकिन बिल्डर ने सोसायटी में नोटिस चस्पा कर दिया है कि पहली तारीख को एओए हैंडओवर ले लें नहीं तो बिना हैंडओवर दिए ही वह सोसायटी छोड़कर चले जाएंगे। निवासी सचिन तोमर ने बताया कि पिछले दस दिनों से काफी बुरा हाल है कोई सफाई नहीं हो रही है लेकिन मेनटेनेंस का पैसा जा रहा है। अनुज शर्मा और भव्य चौहान ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट के यहां भी शिकायत की गई थी लेकिन उसके बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। रितु पाठक ने बताया कि सोसायटी की बदहाली से परेशान होकर अधिकतर लोगों ने फ्लैट बेचकर यहां से जाने का फैसला लिया है।
सीईओ अंकुर नागर ने बताया कि हाल फिलहाल में स्टाफ के साथ गाली गलौज और बदतमीजी की गई थी जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गई है। स्टाफ नौकरी छोड़कर चले गए हैं जिसकी वजह से काम कुछ धीमा चल रहा है। नोटिस के मामले में उन्होंने बताया कि सोसायटी के बने हुए 12-13 साल हो गए हैं लेकिन मेनटेनेंस नहीं बढ़ाया जा रहा है न ही यह लोग हैंडओवर लेने को तैयार हैं। एक रुपये 56 पैसे में सोसायटी का मेनटेनेंस मुश्किल है।