ट्रेनों में बढ़ रही भीड़ को सहूलियत देने के लिए नार्दर्न रेलवे ट्रेनों की यात्री क्षमता बढ़ाएगा। रेलवे ने आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।
फिलहाल यह कोच अस्थाई तौर पर एक से 30 सितंबर तक लगाए जाएंगे, लेकिन माना जा रहा है कि अक्तूबर में दिवाली के मद्देनजर इनकी अवधि बढ़ाई जा सकती है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 12428/12427 आनंद विहार-रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस में एक सितंबर से दो अतिरिक्त स्लीपर कोच बढ़ाए जाएंगे।
14205/14206 फैजाबाद-दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस में एक स्लीपर कोच बढ़ाया जाएगा। वहीं प्रतापगढ़ से दिल्ली के बीच चलने वाली पद्मावत एक्सप्रेस एक स्लीपर कोच अतिरिक्त लगाया जाएगा।
इन ट्रेनों के स्टॉपेज गाजियाबाद में होने की वजह से कोच बढ़ाए जाने का फायदा यहां के यात्रियों को भी होगा। इनके अलावा रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन-एरनाकुलम दूरंतों एक्सप्रेस में एक एसी-सेकेंड कोच बढ़ाने, निजामुद्दीन-पुणे एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में दो एसी-थर्ड और दिल्ली सराय रोहिला-उधमपुर एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक एसी-थर्ड कोच बढ़ाए जाने का निर्णय लिया है।