मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर नमो भारत रैपिड ट्रेन के नार्थ स्टेशन के नीचे बृहस्पतिवार शाम बेकाबू कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोप है कि चालक शराब के नशे में धुत था और उसका मेडिकल कराया जा रहा है।
गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी कौशल कुमार (45) ई-रिक्शा चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब 4.30 बजे वह नमो भारत रैपिड ट्रेन के नार्थ स्टेशन के नीचे ई सवारी के इंतजार में खडे़ थे। उसी दौरान मेरठ की तरफ से आई तेज रफ्तार कार बेकाबू कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और बाद में ई-रिक्शा व फल के ठेले और एक राहगीर को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए और ई-रिक्शा व बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ई-रिक्शा सवार कौशल कुमार, बाइक सवार वीरेंद्र कुमार निवासी बिसोखर और उनका सहयोगी दिल्ली निवासी सन्नी और राहगीर कर्ण निवासी श्रीनगर कॉलोनी व ठेली वाला घायल हो गए। मौके पर चींख पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर के चलते कौशल को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। घायल वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कार चालक ने शराब के नशे में धुत था। एसीपी मोदीनगर का कहना है तहरीर प्राप्त कर कार्रवाई की जाएगी।