न्यू ईयर के स्वागत के बाद साल के पहले दिन की शुरुआत लोगों ने नए संकल्प के साथ मंदिर में भगवान के दर्शन के साथ की। सुबह मंदिर पहुंचने वालों में युवाओं की संख्या अधिक रही। दुधेश्वरनाथ मंदिर में नव वर्ष के आगमन पर यज्ञ किया गया।
मंदिर में आए लोगों को नव वर्ष पर कन्या भ्रूण हत्या रोकने का संकल्प दिलाया गया है। प्राइवेट चिकित्सक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. बीके शर्मा ने सभी को शपथ दिलाकर बेटियों के सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर एसपी सिंह, अशोक भरतिया, उत्तम चंद, दिनेश शर्मा, डीके राय, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे। घंटाघर रामलीला मैदान में आजाद युवा मोर्चा की ओर से नव वर्ष के आगमन पर हवन कराया। देश व समाज की उन्नति व विकास के लिए यह यज्ञ हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पार्षद धीरेंद्र यादव का विशेष सहयोग रहा। वीकेंड होने की वजह से मॉल मल्टीप्लेक्स व शहर के होटल व रेस्टोरेंट में परिवार भी नव वर्ष के सेलिब्रेशन के लिए पहुुंचे। किसी ने गरीबों को दान दिया तो किसी ने भंडारा लगाकर गरीबों को खाना खिलाया। उधर, चौधरी मोड़ स्थित फूल बाजार में भी लोगों की भीड़ रही।
धूमधाम से मना साईं मंदिर का वार्षिकोत्सव
मेरे घर के आगे साईं राम तेरा मंदिर बन जाए, शिरडी वाले साईं बाबा...जैसे भजनों से साईं उपवन गुंजायमान रहा। साईं मंदिर 15 वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ काकड़ आरती से हुआ। इसके बाद पंचामृत से श्री साईं बाबा का अभिषेक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य तौर पर राजकुमार, अजय गांधी, पिंटू यादव, रवि वर्मा, अभिषेक गोविल आदि मौजूद रहे।
गरीबों को बांटे कंबल-कपड़े, लगाया भंडारा
श्री चंद्रप्रभु तीर्थ यात्रा संघ की ओर से राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा सोसायटी के पास झुग्गियों में रह रहे गरीबों को 500 कंबल और हजारों की संख्या में कपड़े वितरित किए। यहां भंडारे का आयोजन भी किया गया।
अंशु जैन, अनुज जैन, सौरभ, अरविंद, आकाश, दीपक जैन आदि मौजूद रहे। उधर, मेरठ रोड सेवानगर स्थित बालनाथ आश्रम में नव वर्ष के मौके पर दरिद्र नारायण की पूजा हुई। इस दौरान कुष्ठ रोगियों को भोजन करा कर उनके बीच गरम कपड़े और बर्तन वितरित किए। इस दौरान मुकेश पंवार, सुधा, नीरज ठाकुर आदि मौजूद रहे।
नए वर्ष में युवाओं ने लिए नए संकल्प
वर्ष 2017 में सरकारी नौकरी हासिल करनी है। इस वर्ष यही संकल्प लिया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए बेहतर नौकरी हासिल कर सकूं। पुलिस, नेवी या फिर रेलवे पुलिस में नौकरी हासिल करने के लिए तैयारियां पिछले दो वर्षों से कर रहा हूं। - श्रवण
मैं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा हूं। सुबह उठते ही पहले मंदिर गया और भगवान से प्रार्थना की कि इस वर्ष उन्हें सफलता अवश्य मिले। मैं रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहा हूं। ऐसे में इस वर्ष में चाहता हूं कि नौकरी हासिल करके रहूं।-सिद्धार्थ
इस वर्ष मैं अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगाऊंगी। फ्रेंडशिप पार्टी इस साल कम करूंगी। मैं एक बेहतर मैनेजर बनना चाहती हूं। अब सीरियस होकर केवल पढ़ाई करनी है।- प्रिया, एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा