गाजियाबाद। अब जनता अगर अपने बैंक एकाउंट में ट्रांजक्शन या ऑनलाइन बिलों का भुगतान करता है, तो गाजियाबाद डीएम के सरकारी खाते में 10 रुपये प्रोत्साहन के रूप में जाएंगे। जनपद को कैशलैस करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रोत्साहन योजना की शुरूआत की है।
प्रोत्साहन राशि की रकम जनपद में कैश लैस व्यवस्था के प्रचार-प्रसार पर खर्च की जाएगी। केंद्र सरकार का यह आदेश गाजियाबाद, हापुड और बुलंदशहर समेत सूबे के 75 जिलाधिकारियों के पास पहुंचा है। यह कवायद कैश लैस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मंशा से शुरू की गई है।
नोटबंदी के बाद कैश लैस व्यवस्था को जमीनी स्तर पर लागू करने की मंशा से प्रोत्साहन राशि जारी की जाएगी। डीएम इस प्रोत्साहन राशि का उपयोग कैश लैस व्यवस्था के प्रचार पर करेंगे। डीएम निधि केसरवानी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस बाबत पत्र उन्हें मिल गया है।
कैश लैस व्यवस्था के प्रचार-प्रसार के लिए शहर के मुख्य चौराहाें और मार्गों पर होर्डिंग और बैनर लगाए जाएंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों को कैश लैस के फायदे गिनाकर ऑनलाइन बैकिंग व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैंक एकाउंट से दूसरे में रकम ट्रांसफर करने या फिर हाउसटैक्स, विद्युत बिल आदि सरकारी टैक्स जमा करने में ऑनलाइन बैंकिंग सेवा का प्रयोग करने से प्रति ट्रांजक्शन दस रुपये की राशि सरकारी एकाउंट में आएगी।