गाजियाबाद। गांवों में कनेक्शन देने और बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए पावर कारपोरेशन के अधिकारी घर-घर पहुंचेंगे। गांवों को रोशन करने के लिए चीफ इंजीनियर सहित पावर कारपोरेशन के अधिकारियों ने 164 गांव गोद लिए हैं। पिछले 10 दिनों में कारपोरेशन ने गोद लिए गए पांच गांवों में शत-प्रतिशत कनेक्शन दे दिए हैं।
गांवों में हर घर को बिजली कनेक्शन देने के लिए कारपोरेशन ने अभियान शुरू किया है। रिकॉर्ड 10 दिनों के अंदर कारपोरेशन ने गोद लिए गए पांच गांवों में शत-प्रतिशत कनेक्शन दे दिए हैं। इनमें मोदीनगर में एमपी सिखेड़ा, लोनी सिकरानी, हापुड़ का श्यामनगर व गजालपुर और हापुड़ धौलाना का गांव पिठानपुरा शामिल है।
इसमें चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता की ओर से गोद लिया गया गांव एमपी सिखेड़ा भी शामिल है। कारपोरेशन की ओर से पहले चरण के बाद गाजियाबाद जोन में शामिल सभी 789 गांवों का नंबर आएगा। पावर कारपोरेशन का जोर सभी लोगों को बिजली कनेक्शन देकर बिजली चोरी पर लगाम लगाने के साथ राजस्व में वृद्धि करने पर है।
किश्तों में बिजली कनेक्शन लेने में गांव आगे
पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि अवर अभियंता तक के अधिकारियों ने गाजियाबाद जोन के गांवों को गोद लिया है। अप्रैल 2018 तक सभी गांवों के हर घर में बिजली कनेक्शन देने का लक्ष्य है।
शासन की किश्तों में बिजली कनेक्शन देने की योजना में अप्रैल माह तक 13203 उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसमें 8067 कनेक्शन ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं ने लिए हैं। गांवों में कनेक्शन देने के लिए के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।