डासना जेल में पीसीओ बूथ का ट्रायल शुरू हो गया है। ट्रायल के दौरान अब तक 25 बंदी बात कर चुके हैं। इनमें आरुषि-हेमराज मर्डर केस में जेल में बंद डॉ. नूपुर तलवार भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने परिजनों का हालचाल जाना।
प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों बंदियों के लिए सभी जेलों में पीसीओ बूथ लगाने का एलान किया था। इसकी शुरुआत डासना जेल से हो रही है, यहां इसका ट्रायल शुरू हो गया है। फिलहाल दो मशीनें लगाई गई हैं।
जल्द ही इसका उद्घाटन जिलाधिकारी करेंगी। जेल अधीक्षक एसपी यादव ने बताया कि जेल से सिर्फ पीएनटी और पोस्ट पेड मोबाइल नंबर पर ही बात कर सकेंगे। पांच मिनट से ज्यादा बात नहीं हो पाएगी।
जो भी बातें होंगी, वह रिकॉर्ड होंगी और उनकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी ताकि कोई इसका गलत इस्तेमाल न कर सके। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान नूपुर तलवार समेत 25 बंदियों की परिजनों से बात हुई है।
‘क्या जेल से भाग गए हो’
जेल सूत्रों के मुताबिक, एक बंदी ने अपने पिता से फोन पर बात की तो उन्होंने जवाब दिया कि क्या वह जेल से भाग गया है। उसने कहा कि नहीं, वह जेल में है। इसके बाद भी उसके पिता ने फोन काट दिया।