गाजियाबाद। मेरठ रोड पर मोरटा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक स्क्रैप यार्ड से चोरी के तीन वाहन बरामद किए गए हैं। एक वाहन चोर की निशानदेही पर मंगलवार देर शाम चार थानों की पुलिस व दो एसीपी ने सेवन स्टार ऑटो स्क्रैपिंग प्रा. लि. में छापा मारा।
यार्ड में खड़े कई अन्य संदिग्ध वाहनों की जांच देर रात तक जारी रही। पुलिस को आशंका है कि एनसीआर क्षेत्र में चोरी हुए वाहनों को यहां खपाया जा रहा था।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि सिहानी गेट थाना पुलिस ने दो दिन पूर्व एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के कई वाहन सेवन स्टार ऑटो स्क्रैपिंग प्रा. लि. में बेचे हैं।
इस पर एसीपी कविनगर जियाउद्दीन अहमद व एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में चार थानों कविनगर, सिहानी गेट, नंदग्राम और मधुबन बापूधाम की पुलिस टीमों ने स्क्रैप यार्ड में छापा मारा।
इस दौरान पुलिस ने कौशांबी, मुरादनगर और कविनगर क्षेत्र से चोरी हुई तीन स्कूटी बरामद कीं। डीसीपी ने बताया कि स्क्रैप यार्ड साहिबाबाद निवासी नवाब का है।
उसके पास स्क्रैपिंग का लाइसेंस भी है। यार्ड में खड़े सैकड़ों वाहनों के चेसिस नंबर, इंजन नंबर और नंबर प्लेट की गहन जांच कराई जा रही है। पुलिस को जांच के दौरान कुछ ऐसे कलपुर्जे भी मिले हैं, जो पूर्व में थानों से नीलाम किए गए वाहनों के बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच का दायरा केवल चोरी के वाहनों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन वाहनों के कलपुर्जे कहां-कहां सप्लाई किए जाते हैं। स्क्रैप यार्ड संचालक किन-किन लोगों के संपर्क में है।