गाजियाबाद। सूबे के शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और देहात में 18 घंटे बिजली देने के प्रदेश सरकार के आदेश का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। अब किसी भी शहरी क्षेत्र में 30 मिनट से अधिक की कटौती होने पर संबंधित एसडीओ और जेई पर भी गाज गिर सकती है।
वहीं, अफसरों को आधा घंटे से ज्यादा की कटौती होने पर व्हाट्सएप के जरिए तुरंत सूचना देनी होगी। वहीं बिजली जाने का समय और कारण दोनों बताना होगा। बीते शनिवार को मेरठ में पश्चिमांचल विद्युत निगम के एमडी अभिषेक प्रकाश की ओर से ली गई समीक्षा बैठक के आला अधिकारियाें को निर्देश जारी किए गए।
जिसके बाद गाजियाबाद जोन के सभी एसडीओ और जेई को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। पावर कारपोरेशन एसई एसबी यादव ने बताया कि आधा घंटे की कटौती होने पर भी अधिकारियों को कारण बताना होगा। इसकी सूचना उन्हें व्हाट्सएप के जरिए तुरंत देनी होगी।
डिवाइस पकड़ेगा अधिकारियों का झूठ
गाजियाबाद। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की पावर कारपोरेशन ने पूरी तैयारी कर ली है। एक विशेष डिवाइस बिजली कटौती के बारे में अधिकारियों का झूठ पकड़ेगा। पावर कारपोरेशन की ओर से विभिन्न सब-स्टेशनों में विशेष डिवाइस लगाए गए हैं।
डिवाइस की मदद से घरेलू और औद्योगिक क्षेत्र दोनों की बिजली सप्लाई पर नजर रखी जा सकेगी। डिवाइस की मदद से बिजली सप्लाई के साथ घरेलू और औद्योगिक क्षेत्र में होने वाली बिजली खपत का आंकड़ा भी हासिल किया जा सकेगा।
पावर कारपोरेशन केचीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि सब-स्टेशन में लगाए गए डिवाइस में कटौती का पूरा शेड्यूल आएगा। 24 घंटे बिजली आपूर्ति मुहैया कराने के कदम में डिवाइस मददगार साबित होगा।
रिकॉर्ड में साढे 23 घंटे बिजली आपूर्ति दर्ज
गाजियाबाद। शासन के 24 घंटे बिजली देने के आदेश की पड़ताल के लिए महानगर केविभिन्न सब-स्टेशनों का जायजा लिया गया। जांच में सभी सब-स्टेशनों के रिकॉर्ड में 23.30 घंटे से अधिक की बिजली आपूर्ति का रिकॉर्ड मिला।
शहर के राजनगर, कविनगर, शास्त्रीनगर, पटेल नगर सब-स्टेशन में लगभग 24 घंटे बिजली आपूर्ति रिकॉर्ड में मिली। दूसरी ओर मौसम में ठंडक के कारण एससी का प्रयोग के साथ बिजली की डिमांड कम होने से भी शहरवासियों को राहत मिली है।