साहिबाबाद। भारत सिटी सोसायटी के साथ ही टीएचए की अन्य सोसायटियों में भी बिना सत्यापन के किरायेदार को नहीं रखा जाएगा। किरायेदार रखने से पूर्व मकान मालिक को एओए को उसका ब्योरा देना होगा।
फेडरेशन ऑफ एओए के अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सोसायटी में विस्फोटक सामग्री मिलना गंभीर बात है। ऐसे में सभी एओए को यह दिशा निर्देश जारी किए गए हैं कि वह अपने यहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा अपने स्तर से सुनिश्चित करें। सोसायटी में जो लोग अपना फ्लैट किराये पर दे रहे हैं, उनकी भी सोसायटी के प्रति जिम्मेदारी बनती है। दीपक कुमार ने बताया कि पहले भी किरायेदार सत्यापन के दिशा निर्देश हैं लेकिन इसे गंभीरता से लागू नहीं किया गया। वहीं दूसरी ओर भारत सिटी सोसायटी के एओए अध्यक्ष जय प्रकाश ठाकुर ने बताया कि उनके यहां करीब 30 फीसदी किरायेदार हैं। नए लोगों के आने से पहले उनका तो सत्यापन होगा ही। वर्तमान में जो लोग किराये पर रह रहे हैं उनका भी सत्यापन पुलिस प्रशासन के सहयोग से शुरू किया जाएगा, ताकि सोसायटी की सुरक्षा में कोई सेंध न लगा सके। एक माह पहले ही एओए अध्यक्ष बने जयप्रकाश ठाकुर ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब सामान रखने वालों से बात हुई तो ऐसा लगा मानो वह लोग पहले भी यहां विस्फोटक सामग्री लाते रहे हैं। यह सब बिना सुरक्षा एजेंसी की मिली भगत से नहीं हो सकता। ऐसे में सुरक्षा एजेंसी से भी पूछताछ की जा रही है और एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है कि चूक कहां हुई।
सोसायटियों में अब सामान ले जाते समय करानी होगी जांच
फेडरेशन ऑफ एओए के सचिव अवनीश झा ने बताया कि आम तौर पर सोसायटी में रहने वाले लोग बेरोकटोक सामान ले जाते हैं। लेकिन बृहस्पतिवार की घटना के बाद अब सभी सोसायटी में सुरक्षा बरतनी होगी। सोसायटी में किरायेदार द्वारा अधिक सामान लाने व संदिग्ध लगने पर सिक्योरिटी को तुरंत इसकी सूचना एओए पदाधिकारियों को देनी होगी। इससे मौके पर पहुंचे लोग सामान वैध है या अवैध इसकी जांच कर सकेंगे।