साहिबाबाद। पुलिस ने बुधवार को शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के एक मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। मौके से छह ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने देह व्यापार में फंसी सात युवतियों और महिलाओं काे मुक्त कराया है। हालांकि देह व्यापार संचालिका मौके से भाग गई। हाल ही में एक इमारत में तीन जगह देह व्यापार का भंड़ाफोड़ किया गया था। अब एक घर में छापा मारकर मामले का खुलासा किया है।
पुलिस ने शालीमार गार्डन निवासी किशन, ताहिरपुर निवासी अखिलेश उर्फ अविनाश, गंगानगर निवासी रंजन यादव को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा दिल्ली के हर्ष विहार निवासी सुमित यादव और दिल्ली निवासी दीपक भी पकड़े गए हैं। सूत्रों के अनुसार, युवतियों को बाहर भी देह व्यापार के लिए बुलाया जाता था। पुलिस ने मकान मालिक से भी पूछताछ की जाएगी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि डीएलएफ कॉलोनी के फर्नीचर मार्केट स्थित ताहिर कट के दो कमरे के मकान में रैकेट चलने की सूचना मिली थी। तीन मंजिला मकान के दूसरे फ्लोर पर चल रहे इस रैकेट में पुलिस के पहुंचने पर हड़कंप मच गया। आरोपियों ने खुद को अंदर दो कमरों में बंद कर लिया था। पुलिस ने बमुश्किल गेट खुलवाकर छह ग्राहकों को गिरफ्तार किया। मुक्त कराई गई युवतियों व महिलाओं की उम्र 19 से 35 साल के बीच है। मकान के एक कमरे से पांच कार्टन में 1500 से अधिक आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां बड़ा रैकेट चलाया जा रहा था।
संचालिका भागी, तीन माह से चल रहा था रैकेट
पुलिस ने बताया कि देह व्यापार के इस अड्डे को नेहा नाम की महिला संचालन कर रही थी। उसने दूसरे फ्लोर पर दो कमरे का मकान किराए पर लिया हुआ था। नेहा यहां युवतियों को मोटी रकम कमाने का लालच देकर देह व्यापार कराना शुरू किया था। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि यहां पर देह व्यापार तीन माह से चल रहा था। भागी हुई संचालिका की तलाश की जा रही है।