गाजियाबाद। डिब्बे का वजन जोड़कर मिठाई बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई है। माप विधिक विज्ञान विभाग ने ऐसे चार दुकान संचालकों को नोटिस जारी किए हैं।
त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। कुछ दुकानदार ग्राहकों को मिठाई के साथ डिब्बे का वजन भी जोड़कर बेच रहे हैं। विभाग के निरीक्षण में यह गड़बड़ी सामने आई। वरिष्ठ निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि मिठाई के वजन में डिब्बे का वजन शामिल करना नियमों के खिलाफ है। इसके लिए दो से 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान मसूरी बस स्टेशन के पास कौशिक मिष्ठान भंडार, हिंडन विहार स्थित जमजम स्वीट्स और अब्बान स्वीट्स व मोरटी स्थित बालाजी स्वीट्स पर घटतौली मिली। यहां मिठाई के वजन में डिब्बे को भी शामिल किया जा रहा था। चारों दुकानदारों को नोटिस जारी कर चालान किए गए हैं। अन्य दुकानदारों को भी नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है।
सराफा कारोबारियों की मशीनों में भी मिलीं खामियां
वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई सराफा कारोबारियों की मापतौल मशीनें भी ठीक से काम करती नहीं मिलीं। कुछ मशीनों में जंग लगा हुआ था। फिलहाल, संबंधित कारोबारियों को चेतावनी देकर मशीनें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। घटतौली मिलने पर उनके खिलाफ भी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।