गाजियाबाद। जिले में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है, बल्कि गैस एजेंसी संचालकों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। त्योहारी सीजन के बीच हालात यह हैं कि 10-10 दिन इंतजार के बाद गैस एजेंसियां खुद-ब-खुद बुकिंग कैंसिल कर रही हैं। बुकिंग रद होने का मैसेज मिलने पर उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं और उन्हें दोबारा बुकिंग करने के लिए कहा जा रहा है।
बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जो दो-दो बार बुकिंग करने के बावजूद खाली हाथ हैं। जिले में 100 से अधिक गैस एजेंसियां हैं और एजेंसी संचालकों की इस मनमानी के चलते रोजाना 15-20 शिकायतें आपूर्ति विभाग के कार्यालय में पहुंच रही हैं।
मुरादनगर की गंगा विहार कॉलोनी के उपभोक्ता राजकुमार ने बताया कि उनका कनेक्शन भारत गैस एजेंसी पर है, लेकिन दो बार बुकिंग करने के बावजूद उन्हें सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिल पाई है। इस वजह से त्योहारी सीजन में उनके परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गैस एजेंसी के चक्कर काटने के बाद अब आपूर्ति विभाग से गुहार लगाई है।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी परेशान
त्योहारों के इस माहौल में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। दिवाली पर मिलने वाले सिलिंडर भी उन्हें समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। इसके अलावा, जिले में उज्ज्वला योजना के करीब 10,000 लाभार्थी ऐसे हैं जिनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। गैस एजेंसियों पर इन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी आसानी से पूरी नहीं कराई जा रही है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
12 लाख है उपभोक्ता :
जिला आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गाजियाबाद जिले में कुल घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 12 लाख है। इनमें से करीब 1.10 लाख लाभार्थी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं, जबकि पीएनजी का नेटवर्क तेजी से बढ़ने के कारण लगभग 3.90 लाख घरों में पीएनजी कनेक्शन लग चुके हैं।
होगी कार्रवाई
जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि तेल कंपनियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ इसको लेकर बैठक की जा चुकी है। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारी सीजन में किसी भी घरेलू उपभोक्ता को गैस सिलिंडर की समस्या नहीं होनी चाहिए और समय पर आपूर्ति मिलनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो लापरवाह एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।