प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे मेरठ के मवाना के रहने वाले छात्र सद्दाम हुसैन पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर संभाग जोधपुर का 36.86 लाख रुपये जुर्माना का नोटिस पहुंच गया। 23 पन्नों का नोटिस देखकर सद्दाम के होश उड़ गए।
सद्दाम ने नोटिस पढ़ा तो उन्हें पता चला कि उनके दस्तावेजों के आधार पर राजस्थान के बाड़मेर में मोमिन ट्रेडर्स के नाम से एक फर्म संचालित है। जिसमें टैक्स चोरी करके स्क्रैप का कारोबार किया जा रहा है। कर विभाग ने इसी मामले में कार्रवाई करते हुए उनके नाम नोटिस जारी किया है।
उनका कहना है कि उन्होंने पूरे भारत में कहीं भी अपने नाम से कोई फर्म आज तक पंजीकृत नहीं कराई है। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान शाबिर नाम के युवक को नौकरी के लिए दस्तावेज दिए थे। उन्हें शक है कि उसी ने दस्तावेजों का दुरुपयोग करके धोखाधड़ी की है।
एसीपी कवि नगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में शाबिर नाम के युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।