माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। सीबीआई की विशेष अदालत में सोमवार को नोएडा क्रिकेट स्टेडियम घोटाले से जुड़े मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान मुख्य आरोपी और नोएडा प्राधिकरण के पूर्व मुख्य अभियंता यादव सिंह समेत सभी आरोपी अदालत में पेश हुए। अदालत में एक आरोपी की ओर से प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर दोनों पक्षों की ओर से बहस हुई। बहस पूरी होने के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तारीख लगाई है।
यह मामला नोएडा के सेक्टर 21ए स्थित क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण और मरम्मत कार्यों में हुए कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों ने मिलकर फर्जी बिलों के आधार पर करोड़ों रुपये का भुगतान करा दिया, जबकि जमीन पर अधिकांश काम वास्तविक रूप से नहीं हुआ था। शिकायतों और प्रारंभिक जांच के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने यह मामला सीबीआई को सौंपा था। सीबीआई की विस्तृत जांच में कई अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच में एजेंसी ने पाया कि दस्तावेजों में हेराफेरी और नियमों को ताक पर रखकर भुगतान किए गए। इसके आधार पर सीबीआई ने यादव सिंह समेत 12 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। सोमवार को अदालत ने प्रार्थना पत्र पर हुई बहस को दर्ज कर मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को तय की है।