त्योहारों के मद्देनजर जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने प्लानिंग तैयार की है, जिसकेतहत 28 अक्तूबर से एक नवंबर तक शहर में कई रूटों पर डायवर्जन रहेगा। इस दौरान जीटी रोड और अंबेडकर रोड पर भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
28 अक्तूबर को धनतेरस है, 30 को दीवाली और एक नवंबर को भैया दूज। त्योहारों की वजह से सड़कों पर भीड़ है, जिससे जाम लग रहा है। जाम से निबटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों का रूट परिवर्तित करने का निर्णय लिया है।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि इस दौरान मोहन नगर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को मेरठ तिराहा से डायवर्ट कर घूकना मोड़ और पुराना बस अड्डा होते हुए भेजा जाएगा।
पुराना बस अड्डा से किसी भी भारी वाहन को चौधरी मोड़ की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। चौधरी मोड़ से किसी भी भारी वाहन को पुराना बस अड्डा और घंटाघर की तरफ से नहीं जाने दिया जाएगा।
इसी तरह साजन मोड़ से किसी भी भारी वाहन को चौधरी मोड़ की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। यहां से वाहनों को डायवर्ट कर डायमंड फ्लाईओवर और एनएच-24 से भेजा जाएगा।
इसकेअलावा ट्रैफिक पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे कार और बाइक अस्थायी पार्किंगों में खड़े करें। साथ ही अंबेडकर रोड पर पीली पट्टी के अंदर ही वाहन को पार्क कर करें, अगर ऐसा नहीं किया तो चालान काटा जाएगा।