संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। वार्ड-नौ की पार्षद शीतल चौधरी पर फायरिंग करने वाले बाइक सवारों का मधुबन बापूधाम पुलिस 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लगा पाई है। पीड़िता के आरोपों की जांच में चार टीमें जुटी हैं। टीम ने दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी खंगाले हैं, इनमें बाइक सवारों की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
कमिश्नरेट पुलिस पार्षद पर हुए जानलेवा हमले को गंभीरता से ले रही है। महिला पार्षद ने जहां से गोली चलने और कार के दो शीशों को तोड़कर बाहर निकलने का दावा किया है। इन टूटे शीशों को भी पुलिस ने निवाड़ी स्थित फोरेंसिक लैब में भेजा है। इसकी रिपोर्ट शनिवार तक पुलिस को प्राप्त हो जाएगी।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पार्षद शीतल चौधरी की गाड़ी पर सुनसान स्थान और अंधेरे में वारदात है। बृहस्पतिवार को 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं हालांकि इनमें बाइक सवारों की पहचान नहीं हो सकी है। फारेंसिक लैब को कार के टूटे शीशों के सैंपल भेजे गए हैं। जिसकी रिपोर्ट शनिवार तक मिल जाएगी। इससे जानकारी होगी कि कौन से हथियार से फायरिंग की गई है, फायरिंग अथवा अन्य वस्तु से शीशे टूटे हैं इसकी स्थिति भी स्पष्ट होगी। बताया कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुरक्षा के चलते पार्षद शीतल चौधरी को एक गनर मुहैया कराया गया है। उधर, पीड़िता ने दो बाइक सवारों पर फायरिंग करने का आरोप लगाकर मधुबन बापूधाम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।