माह के किसी भी दिन व तारीख को बच्चे का जन्मदिवस हो लेकिन स्कूलों में सभी का जन्मदिन शनिवार को ही मनाया जाएगा। नए सत्र से परिषदीय विद्यालयों में यह नई व्यवस्था लागू होने जा रही है।
परिषदीय विद्यालयों में अब माह के अंतिम शनिवार को स्कूल के बच्चों का जन्मदिवस मनाया जाएगा। इस दिन बच्चों से केक कटवाया जाएगा। पिछले वर्षों में भी स्कूल में जन्मदिवस मनाने की परंपरा रही है, लेकिन बजट न होने की वजह से इस योजना पर कभी अमल ही नहीं हो पाया।
ऐसे में अब नए सत्र से सभी बच्चों का एक साथ जन्मोत्सव मनाने के आदेश हैं। बीएसए डा. प्रवेश यादव ने बताया कि प्रत्येक माह अब अंतिम शनिवार को बच्चों का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। किसी भी माह में जितने बच्चों का जन्मदिन अलग-अलग तारीख में होगा। सभी बच्चों की सूची बना ली जाएगी।
माह के अंतिम शनिवार को केक मंगाकर सभी बच्चों से एक साथ कटवाया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और सामाजिक लोग भी शामिल होंगे। स्कूल से बच्चों का लगाव बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन स्कूल में होंगे। इससे ड्राप आउट बच्चों की संख्या में कमी आने की भी संभावना है।