साहिबाबाद। पिछले दिनों एक सर्वे में लोनी न केवल देश बल्कि विश्व का सबसे प्रदूषित क्षेत्र में शामिल होने के बाद से अधिकारियों ने प्रदूषण कारकों पर कार्रवाई तेज कर दी है। 13 दिनों से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड प्रतिदिन लोनी क्षेत्र में अवैध फैक्टरियों के खिलाफ अभियान चला रहा है। बृहस्पतिवार को लोनी के कई गांव में संचालित 9 अवैध फैक्टरियों को सील कर विद्युत कनेक्शन कटवाए गए है।
नायब तहसीलदार रति गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को देहात क्षेत्र के फरुखनगर, भनेड़ा खुर्द, असालतपुर और महमूदपुर गांव में प्रदूषण फैलाने वाली तार छीलने वाली और तेजाब की फैक्टरियों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने नौ फैक्टरियों के बिजली कनेक्शन भी कटवाए हैं। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि बीते दिनों में करीब 100 अवैध फैक्टरियां सील की जा चुकी हैं। सभी फैक्टरियां आवासीय इलाके में अवैध तौर पर ढलाई, तार जलाने और छपाई का काम कर रही थी।