एनएच-24 पर लालकुआं के पास तीन ट्रक खराब हो जाने से दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। एक राहगीर ने गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस को ट्वीट कर जाम की जानकारी दी, तब पुलिस ने ट्रक हटवाए।
शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक ट्रक छिजारसी कट के पास और दूसरा विजयनगर कट के पास खराब हो गया। इससे इंदिरापुरम से लाल कुआं तक लंबा जाम लग गया। वहीं, तीसरा ट्रक एबीईएस कट के पास खराब हो गया, जिससे दिल्ली से हापुड़ की ओर आने वाली सड़क पर जाम लग गया।
इस दौरान वाहन रेंगते रहे। यातायात पुलिसकर्मी मौजूद होने के बाद भी मुस्तैद नहीं दिखे। जाम में फंसे आशुतोष नामक व्यक्ति ने जाम की तस्वीर के साथ गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर सुबह करीब नौ ट्वीट किया। एसपी ट्रैफिक ने पुलिसकर्मियों को तुरंत मौके पर भेजकर ट्रक हटवाने और जाम खुलवाने की हिदायत दी।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने क्रेन की सहायता से ट्रकों को सड़क से हटवाया। इंजन में खराबी होने के कारण ट्रक खराब हुए थे। ट्रक हटने और जाम खुलने की सूचना बाद में ट्रैफिक पुलिस ने ट्विटर भी शेयर की।