पिता का आरोप- दहेज में मांगी थी कार
शिकायत में मोदीनगर के भूपेंद्रपुरी निवासी सतेन्द्र कुमार पुत्र मंगलसैन ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी खुशबू की शादी 4 जुलाई 2025 को मेरठ रोड कृष्णानगर निवासी मयंक पुत्र रामौतार से की थी। हाल में मयंक मसूरी के आकाश नगर में रहता है। आरोप है कि शादी के बाद से पति मयंक, सास सीमा, जेठ व्यंक, जेठानी आसी, नन्द सेंकी और ननदोई अंकित दहेज में कार की मांग कर रहे थे।
'बेटी से छोटी-छोटी बात पर करते मारपीट'
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ये उनकी बेटी के साथ मौका पाकर जरा-जरासी बात पर मारपीट और गाली-गलौज करते थे। ऐसे में उन्होंने बेटी के ससुरालियों को कुछ नकद रुपये भी दिए थे। आरोप है कि 5 जनवरी को उनकी बेटी ने फोन करके बताया था कि उसके सुसरालीजन कार की मांग को लेकर परेशान कर रहे हैं, मांग पूरी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शुक्रवार 9 जनवरी को इनके उत्पीड़न से परेशान होकर उसने जान दे दी।
उन्होंने बताया कि 9 जनवरी की सुबह उन्हें ससुरालियों ने कॉल करके सूचना दी कि खुशबू की तबीयत खराब है, वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचे तो खुशबू मृत अवस्था में मिली। सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपि नगायच का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।