शादी के बाद पहली बार गए थे नैनीताल घूमने
जानकारी के अनुसार शाहपुर बम्हैटा निवासी यतीश यादव अपने पिता सुरेश चंद्र यादव के साथ रहते थे। सुरेश चंद्र यादव ट्रेक्टरों का कारोबार करते हैं। यतीश की शादी शीतल यादव के साथ 20 अप्रैल को हुई थी। शादी के बाद दोनों ने नैनीताल घूमने जाने का कार्यक्रम बनाया था। बताया गया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे दोनों स्कॉर्पियो से नैनीताल के लिए घर से रवाना हुए थे।
यतीश की मौत के बाद गांव में पसरा मातम
उत्तराखंड रामनगर के काशीपुर बुआखाल के पास उनकी स्कॉर्पियो की डम्पर से टक्कर हो गई, जिसके बाद वाहन पलट गया। हादसे में यतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शीतल गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची उत्तराखंड पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रामनगर में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस की सूचना के बाद परिजन रामनगर के लिए रवाना हो गए। यतीश की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही मातम छा गया। यतीश चार भाई-बहनों में तीसरे नम्बर के थे। उनकी बड़ी बहन की शादी हो गई है एक बहन और भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।