नरसेना। थाना क्षेत्र के नित्यानंदपुर नंगली गांव में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए डेढ़ वर्षीय मासूम माधव की हत्या कर दी गई। पड़ोसी अंकुश ने गला दबाकर मारने के बाद शव को घर में रखे एक संदूक में रजाई के अंदर छिपा दिया था। किसी को शक न हो इसलिए मासूम के परिजनों के साथ तलाश में भी जुटा रहा।
गांव निवासी पुष्पेंद्र खेतीबाड़ी कर अपना और परिवार का भरन पोषण करते हैं। उनका मासूम पुत्र माधव मंगलवार शाम को घर के बाहर से खेलता हुआ अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। इसी बीच पुलिस को पुष्पेंद्र के पड़ोसी अंकुश पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। घर में रखे एक संदूक को खोलने पर पुलिस टीम सकते में आ गई। संदूक के अंदर रजाई के नीचे मासूम माधव का शव था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी अंकुश को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और हर कोई स्तब्ध है।
गांव में पसरा मातम : माधव के माता-पिता की चीत्कार सुन गांव में मातम पसर गया। यह सिर्फ एक हत्या नहीं थी, यह उस सामाजिक ताने-बाने का टूटना है, जहां पड़ोस को रिश्तेदारी से बढ़कर माना जाता है। माधव का निष्प्राण शरीर पुलिस ले जा चुकी थी लेकिन उसकी मासूमियत उस संदूक में दफन हो गई।