गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ निगलने से हुई महिला की मौत के मामले में पीड़ित पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी पति, उसकी मां और बहन के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जनपद हापुड़ के ग्राम सादुल्लापुर लोधी में रहने वाले नरेंद्र सिंह के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी प्रियंका उर्फ पूजा का विवाह 13 वर्ष पूर्व गौरव उर्फ रिंकू निवासी ग्राम अटोला जनपद मेरठ के साथ किया था। वर्तमान में वह वह टीएफसी रेस्टोरेंट के नजदीक मधुबन बापूधाम में रह रहे हैं।
आरोप है कि गौरव शराब पीकर उनकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार कर रुपयों की मांग करता था। कई बार गौरव व उसकी मां व बहनों ने प्रियंका को मारने का प्रयास भी किया। 21 अगस्त को बेटी के पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। वह पत्नी के साथ सर्वोदय अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी बेटी मृत मिली। एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी पति गौरव व उसकी मां और बहन के खिलाफ हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।