गांवों को ओडीएफ बनाने में प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। ओडीएफ गांवों में अब तक 57 गांव शामिल थे, बुधवार को सांसद का गांव ओडीएफ में शामिल होने के बाद गाजियाबाद के 58 गांव ओडीएफ हो जाएंगे।
डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए युद्ध स्तर पर अधिकारी काम कर रहे हैं। 31 मार्च तक हर हाल में गाजियाबाद को ओडीएफ करना है। बुधवार को मीरपुर हिंदू गांव की ग्राम पंचायत ने गांव को अपने स्तर से ओडीएफ घोषित कर दिया है।
बृहस्पतिवार को प्रशासन की टीम गांव का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत को ओडीएफ का सर्टीफिकेट देगी। बता दें कि मीरपुर हिंदू गांव को सांसद वीके सिंह द्वारा गोद लिया गया है। उनके स्तर पर भी गांव को स्वच्छ बनाने के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा था।
आज डीएम अधिकारियों को दिलाएंगी स्वच्छता की शपथ प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए यूपी सीएम ने बुधवार को गाइडलाइन जारी की है। सीएम के गाइडलाइन जारी करते ही प्रशासनिक अधिकारी एलर्ट हो गए हैं।
डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को डीएम निधि केसरवानी सभी प्रशासनिक अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाएंगी। इसके लिए बुधवार की शाम सभी अधिकारियों को सूचित किया गया। सभी अधिकारियों को कार्यालय सही समय पर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए।
सभी अधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना अनिवार्य कर दिया गया है। अधिकारियों द्वारा दफ्तर में पान, बीड़ी, गुटखा न खाने के साथ ही किसी भी तरह की गंदगी न फैलाए जाने का संकल्प दिलाया जाएगा।