फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: होटल, रेस्तरां व ट्रक खरीद के नाम पर 1.11 करोड़ से अधिक रुपये हड़पे

विज्ञापन
विज्ञापन
साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन एरिया में जालसाजों ने होटल, रेस्तरां और ट्रक बेचने का झांसा देकर कारोबारियों और ट्रांसपोर्टर से 1,11,66,220 करोड़ रुपये हड़प लिए। पहला मामला कौशांबी के बी 16 निवासी कारोबारी यश यादव का सामने आया। जिन्हें प्रॉपर्टी डीलर समेत तीन लोगों ने गोवा स्थित निर्माणाधीन होटल का कारोबार के लिए इस्तेमाल करने के नाम पर 70 लाख रुपये का चूना लगा दिया। दिल्ली के मयूर विहार निवासी मोमीन खान को वैशाली सेक्टर चार स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स में रेस्तरां दिलाने के बहाने आरोपी ने 20 लाख रुपये हड़प लिए।
विज्ञापन

इसके अलावा साहिबाबाद के शहीद नगर स्थित चिकंबरपुर निवासी ट्रांसपोर्टर निखिल अग्रवाल को पुराना ट्रक बेचने के बहाने जालसाजों ने 21,66,220 रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

-केस-एक-
कारोबारी यश यादव ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि प्रॉपर्टी डीलर संजू झा ने उन्हें नई दिल्ली के राजेंद्र नगर निवासी डालर गुलाटी, मार्क गुलाटी से मिलवाया था। दोनों ने अपने गोवा में होटल का काम कर रहे साहिल तनेजा के बारे में बताया और कारोबार में मुनाफे का झांसा दिया। गोवा में कोर्ट यार्ड क्षेत्र स्थित एमाजोनिका होटल को लीज पर दिलाने के बहाने उनसे 70 लाख रुपये ऐंठ लिए। होटल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कब्जा दिलाने का वादा किया, लेकिन 25 अक्तूबर 2023 को हुए एग्रीमेंट के बाद आज तक उन्हें कब्जा नहीं दिया गया। आरोपी पक्ष ने रकम वापसी के लिए जो चेक दिए वह भी बाउंस हो गए। आरोप है कि तीनों आरोपी अब रकम वापसी से इंकार करते हुए मारने की धमकी दे रहे हैं।
विज्ञापन

-केस- दो
दिल्ली के मयूर विहार फेस तीन निवासी मोमीन खान ने अपने दर्ज मुकदमे में बताया कि वैशाली सेक्टर पांच निवासी चेतन आनंद ने उन्हें एक रेस्तरां दिलाने का सौदा किया था। 10 अक्तूबर 2024 को इस सौदे का इकरार नामा हुआ। आरोप है कि रेस्तरां पर गौड़ ग्रेविटी का लगभग 16 लाख रुपये बकाया था। इस वजह से शॉपिंग कांप्लेक्स की समिति ने उसे कब्जे में ले रखा था। चेतन ने उनसे रेस्तरां कब्जा मुक्त कराकर उन्हें देने का आश्वासन दिया और 20 लाख रुपये ले लिए। महिला कारोबारी का आरोप है कि अब तक न तो रेस्तरां उनके नाम किया गया है और न ही उनकी रकम वापस की जा रही है।
-केस- तीन
ट्रांसपोर्टर निखिल अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पास कई ट्रक हैं। बताया कि चिकंबरपुर निवासी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त करने वाले राहुल ने उन्हें दो सैकेंड हैंड ट्रक की बिक्री के बारे में बताया। उन्होंने एक ट्रक का सौदा 18.25 लाख रुपए में तय किया। ट्रक गुलशन कुमार के नाम था और उस पर बैंक का 13 लाख रुपये लोन भी था। बताया कि सौदे की पूरी रकम में से उन्होंने 13 लाख रुपये का लोन चुकाया और बाकी रकम राहुल और उसके भाई की पत्नी रश्मि के खाते में स्थानांतरित कर दी। ट्रक खरीदने के बाद उनके नाम ट्रांसफर नहीं करवाया गया। आरोप है कि इसके बाद ट्रक ट्रांसफर करवाने के नाम पर भी उनसे कुछ रकम ली गई, लेकिन आरटीओ से एनओसी वापस जाने की बात कहकर ट्रक उनके नाम नहीं किया। बाद में राहुल ने वह ट्रक किसी और के नाम कर दिया। इस तरह धोखाधड़ी कर ठगों ने उनसे 21,66,220 रुपये हड़प लिए।

वर्जन
तीनों मामलों में मुकदमें दर्ज कर लिए गए हैं। सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। जल्द ही मामलों का खुलासा किया जाएगा।- निमिष पाटिल, डीसीपी ट्रांस हिंडन एरिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें