प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैलियों के कारण बुधवार को सुबह से शाम तक जाम के हालात रहे। ट्रैफिक पुलिस को कई जगह रूट भी डायवर्ट करना पड़ा।
सुबह से ही बीजेपी समर्थकों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कमला नेहरू नगर में होने वाली रैली के लिए हुजूम उमड़ने लगा।
नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़ और अन्य जिलों के लोग वाहनों में सवार होकर रैली स्थल पर पहुंचे, जिस कारण एनएच-24 पर सुबह नौ बजे से ही जाम लगने लगा। सुबह 10 बजे हापुड़ रोड पर लोगों और वाहनों का दबाव अधिक होने से ठाकुरद्वारा से डासना फ्लाईओवर तक जाम की स्थिति बनी रही।
इस दौरान घंटों वाहन रेंगते रहे। करीब पौने तीन बजे प्रधानमंत्री मोदी की रैली खत्म होने के बाद भीड़ निकली, जिस कारण ट्रैफिक पुलिस ने डासना फ्लाईओवर और राजनगर एक्सटेंशन चौराहा पर रूट डायवर्ट किया।
उधर, मुरादनगर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली से मुरादनगर से लेकर राजनगर एक्सटेंशन चौराहा तक जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने जाम को खुलवाकर एंबुलेंस को निकलवाया।
टीआई रमेश तिवारी का कहना है कि पुलिस ने जाम को देखकर एनएच-24 पर डासना फ्लाईओवर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को आत्मा राम स्टील होते हुए विजयनगर की ओर भेजा। वहीं, शाम करीब तीन बजे एएलटी चौराहे पर करहेड़ा की ओर से गाजियाबाद की ओर आने वाले वाहनों को मोहननगर होते हुए ठाकुरद्वारा की ओर भेजा।