इंदिरापुरम। शक्तिखंड स्थित प्लॉट नंबर 260 निवासी संगीता आंगी का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने नौ बार में 1.13 लाख रुपये पेटीएम के माध्यम से निकाल लिए। यह रकम ठगों ने किसी अन्य बैंक खाते में स्थानांतरित नहीं की, बल्कि अलग-अलग लोगों के नाम पर चल रहे बिजली के बिलों का भुगतान कर दिया। साइबर सेल की जांच के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि संगीता आंगी के साथ साइबर ठगी 10 दिसंबर 2024 को हुई थी। उन्होंने तहरीर में बताया था कि ठगों ने उनका मोबाइल किसी तरह हैक कर लिया। इसके बाद उनके मोबाइल में चल रहे पेटीएम के माध्यम से नौ बार में 1.13 लाख रुपये से नौ अलग-अलग बिजली बिलों का भुगतान कर दिया। मोबाइल हैक होने की वजह से जल्द उन्हें जानकारी भी नहीं हुई। कुछ दिन बाद जब साइबर ठगी का पता चला तब छह जनवरी 2025 को साइबर सेल में शिकायत की। एसीपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खाते से हुई कटौतियों की जानकारी जुटाई जा रही है।