गाजियाबाद। कलश यात्रा के दौरान लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर और पुलिस के बीच हुई धक्कामुक्की की निंदा कर डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरी ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक वीडियो वायरल कर दी। छह मिनट 47 सेकेंड की इस वीडियो में उन्होंने पुलिस आयुक्त और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर को लेकर अभद्र टिप्पणी की। पुलिस आयुक्त को दो दिनों में न हटाने पर सोमवार से पुलिस लाइन में धरना देने की चेतावनी दी। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार पाल ने यति नरसिंहानंद गिरि के खिलाफ वेव सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
यति नरसिंहानंद गिरि ने वायरल वीडियो में कहा कि सनानत धर्म पर लगातार हमले हो रहे हैं। पुलिस ने लोनी में कलश यात्रा को रोककर धर्मविरोधी होने का परिचय दिया है। उन्होंने एसीपी लोनी के बारे में अभद्र टिप्पणी की। वेव सिटी पुलिस ने यति नरसिंहानंद गिरी के खिलाफ बीएनएस के तहत आपराधिक धमकी की धारा 351(2), शांति भंग करने की धारा 352, अशांति फैलाने वाले बयान की धारा 353(1)(बी), दुर्भावनापूर्ण झूठी सूचना फैलाने की धारा 353(2), सार्वजनिक उपद्रव करने की धारा 292 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यति ने कहा, दो दिन नहीं करूंगा समर्पण
वेव सिटी में अपने खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे पर यति नसिंहानंद गिरि ने फिर पांच मिनट और दो सेकेंड का एक वीडियो जारी की है। वीडियो में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी पर फिर से अमर्यादित टिप्पणी की। साथ ही खुद को वीर सावरकर, नाथू राम गोडसे और गुरु दिग्विजयनाथ को अपना आदर्श बताया। बताया कि पूर्व मुस्लिमों के दो दिवसीय अधिवेशन पर आतंकी साया होने और महाजाप के चलते वह दो दिनों तक आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंचेंगे और पुलिस जो चाहे उनके साथ कर सकती है। उन्होंने अपनी जान को खतरा भी बताया।