संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य सामग्री बनाने वाले कारखाने में नाबालिग का मशीन में आने के कारण हाथ कट गया। आरोप है कि कंपनी के मालिक और प्रबंधक ने उपचार नहीं कराया और नौकरी से भी निकाल दिया। अब घायल के भाई ने कविनगर थाने में ठेकेदार, प्रबंधक और मालिक समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फर्रूखाबाद मझना वलीपुर निवासी सुंदरलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके 15 वर्षीय भाई प्रियांशु को मोनू ठेकेदार ने कमाई का लालच देकर कविनगर औद्योगिक क्षेत्र के कारखाने में नौकरी पर रखवा दिया। यह बात उनको पता नहीं थी। 12 मई को उनके भाई को प्रबंधक ने अप्रशिक्षित होने के बावजूद मशीन पर काम करने में लगा दिया। इस दौरान उसका हाथ मशीन में आकर कट गया। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और भाई को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रियांशु के उपचार का खर्च मालिक, प्रबंधक और ठेकेदार ने उठाने की बात कही, लेकिन अभी तक इलाज के लिए कोई राशि नहीं दी। आरोपियों ने सूचना भेजी कि उनके भाई को नौकरी से निकाल दिया गया गया है। उनके भाई के उपचार में लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद भी उसका हाथ नहीं बच सका। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत ठेकेदार मोनू, मालिक मधु व सिद्धार्थ, प्रबंधक अजय के खिलाफ बाल श्रम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस बारे में एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि जांच कराई जा रही है।