- हरिद्वार रेलवे स्टेशन की घटना, जीआरपी ने शव परिजनों को सौंपा
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सुपरवाइजर की मौत हो गई। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर देहरादून-मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन चलने के दौरान एक यात्री उसमें चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भिजवाया और पहचान कराने के प्रयास शुरू किए, लेकिन तत्काल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
रविवार को मृतक की पहचान श्याम सिंह (55) निवासी दुरयाई, गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में परिजनों ने हरिद्वार पहुंचकर कर ली। पता चला कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में श्यामलाल सुपरवाइजर थे और वह तीर्थयात्रा पर आए थे। अब यात्रा पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। इंस्पेक्टर बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।