मुरादनगर। ओलंपिक तिराहे पर शनिवार को दिनदहाड़े दूध व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि 18 साल पहले हुई ताऊ की हत्या का बदला लेने के लिए उसने वारदात की। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर काफी देर तक हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार, कच्ची सराय कॉलोनी निवासी इमरान (49) दूध का व्यापार करते थे। शनिवार दोपहर वह ओलंपिक तिराहे पर परिचित की साइकिल की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान करीब पौने दो बजे कोट मस्जिद के पास रहने वाला उबेद बाइक से वहां पहुंचा और पिस्टल से इमरान पर तीन फायर कर दिए।
इनमें से दो गोली इमरान के सिर व पेट में लगी। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी पिस्टल हवा में लहराता हुआ भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से यशोदा अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद गुस्साए क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों ने ओलंपिक तिराहे पर एकत्र होकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने बामुश्किल उनको शांत कराया। मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा व तीन बेटियां हैं।
एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हत्याकांड के पीछे 18 साल पुरानी रंजिश
एसीपी के अनुसार, वर्ष 2007 में इमरान ने आरोपी उबेद के ताऊ अखलाक की हत्या कर दी थी। मामले में इमरान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। वर्ष 2017 में इमरान जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोपी तभी से रंजिश पाले हुए था।
व्यापारी बोले- अपराधियों में पुलिस का डर खत्म
इमरान की हत्या से गुस्साए व्यापारियों ने ओलंपिक तिराहा के आसपास का बाजार बंद कर दिया। उनका कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है। कोई भी किसी भी समय वारदात को अंजाम दे देता है।
मुरादनगर। ओलम्पिक तिराहे पर गोली मारकर इमरान की हत्या। फाइल फोटो
मुरादनगर। ओलम्पिक तिराहे पर गोली मारकर इमरान की हत्या। फाइल फोटो