फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी लापता, 85 हजार भी गायब

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से एक मामला सामने आया है। एक प्रतिष्ठित माइक्रो फाइनेंस कंपनी का फील्ड कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। लापता कर्मचारी के पास कलेक्शन के करीब 85,000 रुपये और कंपनी का डिजिटल टैबलेट भी था। देर रात तक कर्मचारी का सुराग न लगने पर कंपनी प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन


कोचीन (केरल) स्थित मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड की बुलंदशहर शाखा सिविल लाइन, दिल्ली रोड में कार्यरत कर्मचारी करन सिंह, जो कि मूल रूप से अलीगढ़ के गांव मतरोई का निवासी है, मंगलवार को रूटीन कलेक्शन के लिए निकला था।
कंपनी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, करन दोपहर के समय क्षेत्र के गांव पचोता, सिखेडा और मोहन कुटी में महिलाओं से ऋण की किस्तें वसूलने गया था। कंपनी के मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि करन से शाम 5:30 बजे तक लगातार फोन पर बात हो रही थी। उसने गांवों से लगभग 85,000 रुपये का कलेक्शन कर लिया था।
विज्ञापन

नियमानुसार उसे शाम 6:30 बजे तक ब्रांच में कैश जमा करना था, लेकिन जब वह नहीं पहुंचा तो उसे कॉल की गई। कई बार रिंग जाने के बाद भी जब फोन नहीं उठा, तो सहकर्मियों को चिंता हुई। कुछ समय बाद करन का मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। अनहोनी की आशंका के चलते कंपनी के अन्य कर्मचारी और मैनेजर उन गांवों में पहुंचे, जहां करन कलेक्शन के लिए गया था, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
रात करीब 10:30 बजे तक खुद तलाश करने के बाद, थक-हारकर मैनेजर ने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन गांवों के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और करन के मोबाइल की अंतिम लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह अपहरण या लूट की कोई वारदात है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कर्मचारी को बरामद कर खुलासा कर दिया जाएगा।



कोट

- फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के लापता होने की सूचना मिली है। जानकारी की जा रही है, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उनकी सकुशल बरामदगी कर खुलासा कर दिया जाएगा। - प्रखर पाण्डेय, सीओ सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें