रक्षाबंधन पर भीड़ को देखते हुए डीएमआरसी ने मेट्रो के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। बुधवार और बृहस्पतिवार को मेट्रो वैशाली-द्वारका रूट पर करीब 50 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। रक्षाबंधन के दिन और उसके बाद वीकेंड तक अतिरिक्त फेरे जारी रहेंगे।रक्षाबंधन पर बहनों को भीड़ से निजात के लिए डीएमआरसी ने तैयारी पूरी कर ली है।
डीएमआरसी के सीपीआरओ अनुज दयाल ने बताया कि रक्षाबंधन पर सभी रूटों पर करीब 20 अतिरिक्त ट्रेनें उतारी जाएंगी, सिर्फ वैशाली द्वारका रूट पर 50 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। बुधवार शाम पांच बजे से अतिरिक्त फेरे शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जो रक्षाबंधन के दिन बृहस्पतिवार और उसके बाद शनिवार और रविवार को भी जारी रहेंगे।
इतना ही नहीं भीड़ के दौरान अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। इसके अलावा कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव भी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम से सभी रूटों पर अतिरिक्त 20 ट्रेन उतारी जाएंगी। जो सुबह 11 से शाम साढ़े चार बजे के बीच अतिरिक्त चक्कर लगाएंगी।