मेट्रो स्टेशन के पास पिलरों के झड़ रहे प्लास्टर की सूचना मिलते ही डीएमआरसी अफसर हरकत में आ गए। तत्काल मरम्मत का कार्य शुरू कराया। लगातार बारिश का पानी पड़ने से तीन पिलरों का प्लास्टर झड़ रहा था। इसकी मरम्मत एक सप्ताह में पूरी कर ली जाएगी।
पिछले कुछ माह में लगातार हुई बारिश के चलते मेट्रो पिलरों का प्लास्टर झड़ना शुरू हो गया था। इसके बाद डीएमआरसी ने शुक्रवार को सेटरिंग लगवाकर पिलरों की मरम्मत शुरू करवाई। शुुरुआत में पोडियम पार्क और अंबेडकर पार्क स्थित तीन पिलरों की मरम्मत करवाई जाएगी।
वैशाली और कौशांबी मेट्रो स्टेशन इंचार्ज आरसी श्रीवास्तव ने बताया कि रुटीन प्रक्रिया के तहत पिलर और लाइन की मरम्मत की जाती है। इसी कड़ी में मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है। मरम्मत कार्य एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। पिलर के सरिया को जंग लगने से बचाने के लिए यह कार्य लगातार कराया जाता है।
- लोगों ने दी थी पिलर में दरार की सूचना
लोगों ने दो दिन पहले डीएमआरसी अधिकारियों को पिलर में दरार की सूचना दी थी, जिसके बाद आला अधिकारियों ने तुरंत मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि इन तीन पिलरों के बाद आनंद-विहार से वैशाली के बची लगे सभी पिलरों की जांच कराई जाएगी। अगर किसी पिलर का प्लास्टर झड़ा हुआ मिलता है तो उसकी भी मरम्मत होगी।