आईएमए के ओरल हाइजीन जागरूकता कार्यक्रम में डेंटल चेकअप
सही ब्रशिंग और खान-पान की आदतों की दी जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से एचएचकेएम इंटर कॉलेज विजयनगर में मौखिक स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम और दांत जांच शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों को मुंह की सफाई, सही तरीके से ब्रश करने और स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में जानकारी दी गई।
गणेश हॉस्पिटल की डॉ. मोनिशा गुप्ता और उनकी टीम ने विद्यार्थियों का डेंटल चेकअप किया। इस दौरान बच्चों को नियमित रूप से दांत साफ करने, ब्रश करने की सही तकनीक अपनाने और दांतों की समस्या होने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही नियमित डेंटल चेकअप के महत्व के बारे में भी बताया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. राजकुमार ने डॉ. मोनिशा गुप्ता और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में काउंसलर कविता त्यागी का भी योगदान रहा।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल ने कहा कि बच्चों को कम उम्र में ही ओरल हाइजीन के प्रति जागरूक करना जरूरी है। यदि बच्चे शुरू से ही मुंह और दांतों की सफाई की अच्छी आदतें सीख लें तो आगे चलकर दांतों से जुड़ी कई समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि आईएमए की ओर से भविष्य में भी अन्य स्कूलों में इस तरह के जागरूकता और स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।