नगर के सीकरी खुर्द मार्ग पर मांस के टुकड़े मिलने पर पुलिस और हिंदू रक्षा दल के कार्यकाल के बीच
मोदीनगर। नगर के सीकरी खुर्द महामाया देवी मंदिर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप बुधवार सुबह मांस के टुकड़े पड़े मिले। गुस्साए हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसएचओ ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया।
हिंदू रक्षा दल की विधानसभा अध्यक्ष सपना अग्रवाल ने बताया कि बुधवार सुबह सीकरी खुर्द महामाया देवी मार्ग पर मांस के टुकड़े पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी के बाद सपना अग्रवाल, पंकज कंसल और नीरज शर्मा आदि कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना के बाद एसएचओ आनंद प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मांस के टुकड़े पॉलिथीन में एकत्रित कराए। हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने पुलिस के सामने भी हंगामा काटा। उन्होंने कहा कि महामाया देवी मंदिर मार्ग पर असामाजिक तत्वों ने मांस के टुकड़े फेंककर माहौल खराब करने का प्रयास किया है। उन्होंने मांस के टुकड़े गाेवंश के होने का अंदेशा जताया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के एनकांउटर की मांग की।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि मांस के टुकड़े जांच के लिए भेजे गए हैं। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।