गाजियाबाद। भोजपुर के कलछीना में मिलावटी मावा की सूचना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। टीम को मौके पर वनस्पति, स्किम्ड मिल्क पाउडर मिला जिसको मिलाकर यह मावा तैयार किया जा रहा था। टीम ने अन्य सामग्रियों को जब्त कर लिया और मावा को नष्ट करा दिया। सहायक आयुक्त खाद्य प्रभारी आशुतोष राय ने बताया कि इनके नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ लैब भेजा गया है।
कलछी में फारुख के मावा निर्माण परिसर पर छापा मारा गया। जहां वनस्पति और अन्य सामग्रियों का इस्तेमाल करके मावा तैयार किया जा रहा था। आशुतोष राय ने बताया कि वहां से 16 टिन वनस्पति जिसका मूल्य 47760 था और पांच बोरे स्किम्ड मिल्क पाउडर इसका मूल्य 38750 था उसको जब्त किया गया। इसके अलावा 50 किलोग्राम मावा था इसको जब्त करने के बाद नष्ट करने का नोटिस दिया गया और मावे को नष्ट करा दिया गया। यहां से मावा सहित अन्य सामानों के तीन नमूने लिए गए। इसके अलावा कलछीना से ही एक अन्य खाद्य कारोबारकर्ता विजय कुमार के यहां से मावा का एक नमूना लिया गया।