लोनी। अंकुर विहार थानाक्षेत्र के विकास नगर कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थिति में राजमिस्त्री कुलदीप की मौत हो गई। उनका शव कमरे में मिला। घटना की सूचना पर पहुंचे भाई ने उनकी पत्नी पर बिना सूचना के अंतिम संस्कार कराने व भाई की हत्या का आरोप लगाया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार प्रक्रिया को रुकवाते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता चल सके।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मूलरूप से बागपत के खेकड़ा निवासी राजमिस्त्री कुलदीप पत्नी पूजा और बेटे के साथ लोनी स्थित विकास नगर कॉलोनी में करीब चार साल से किराए पर रहते थे। सोमवार को कुलदीप के बड़े भाई ओमवीर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। उन्होंने सूचना दी कि उसके भाई की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है और उसकी पत्नी पूजा बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलदीप की हत्या की गई है। उनको सूचना दिए बिना ही कुलदीप की पत्नी अंतिम संस्कार करा रही है। सूचना पर वह स्वयं थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवाते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना स्थल का निरीक्षण किया तो वहां पर शराब के पाउच मिले थे और कमरे में बदबू भी आ रही थी। कुलदीप की पत्नी से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि रविवार रात को शराब का ज्यादा सेवन करने उल्टी होने लगी थीं। इसके बाद कुलदीप सो गए। सुबह जब वह नहीं उठे तो कमरे में जाकर देखा तो मौत हो चुकी थी। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चलेगा।