प्लॉट लेकर अपना मकान बनाने वालों के लिए अच्छी खबर है। आवास विकास परिषद, मंडोला विहार योजना में पहली बार प्लॉटों की योजना लांच करने जा रहा है। मंगलवार से इसके लिए आवेदन शुरू हो जाएंगे। परिषद द्वारा चिन्हित बैंकों के अलावा लोग परिषद की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
आविप की करीब तीन हजार एकड़ की मंडोला विहार योजना में अब तक चार मंजिला आसरा-सपना और 10 मंजिला योजना लांच की गई है। मगर पहली बार प्लॉटों की योजना लांच हो रही है। इसके तहत 80 वर्ग मीटर से लेकर 200 वर्ग मीटर तक के 300 प्लॉटों के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।
योजना के सर्किल रेट 23000 रुपये प्रतिवर्ग मीटर के हिसाब से ही प्लॉटों की कीमत रखी जाएगी। आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया के योजना को गति देने के लिए पहली प्लॉटों की स्कीम लांच की जा रही है।
इसके लिए लोग छह दिसंबर से 10 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। अगर इस बीच पूरे आवेदन नहीं आते तो रजिस्ट्रेशन की तिथि को बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि परिषद के पास लैंड बैंक की कमी के चलते पिछले करीब 10 साल से कोई भी प्लॉट की योजना लांच नहीं की गई थी।
मगर मंडोला विहार में लोगों के कम रुझान को देखते हुए परिषद ने पहली प्लॉटों की स्कीम लांच की है। योजना में छोटे से लेकर बड़े प्लॉट रखे गए हैं जिससे सभी वर्ग के लोग इन्हें खरीद सकें।
- ये होंगे प्लॉट के साइज
साइज संख्या
80- 122 वर्गमीटर 100
123- 162 वर्गमीटर 100
163- 200 वर्गमीटर 100